Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

एमसीडी के नेता सदन ने मुकुंदपुर वार्ड में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

दिल्ली नगर निगम में नेता सदन प्रवेश वाही निरीक्षण करते हुए।

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नेता सदन प्रवेश वाही ने शुक्रवार को सिविल लाइंस जोन के मुकुंदपुर वार्ड में सफाई व्यवस्था और गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुले में बिखरे कचरे को तत्काल हटाने, अतिक्रमण मुक्त करने और सफाई अभियान को तेज करने के निर्देश जारी किए।

प्रवेश वाही ने मुकुंदपुर मार्केट इलाके में सफाई सुधारने पर जोर देते हुए कूड़ा उठाने वाली एजेंसी को सही ढंग से काम करने का आदेश दिया। साथ ही, मुख्य सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाकर यातायात जाम रोकने के निर्देश दिए।

नेता सदन प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आदेशों के तहत चल रहे स्वच्छता अभियान में मुकुंदपुर के कचरा-संवेदनशील बिंदुओं का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आगामी त्योहारों, खासकर दिवाली से पहले सभी जीवीपी को चिन्हित कर गहन सफाई सुनिश्चित की जा रही है।

एमसीडी के नेता सदन ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली की सफाई और व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेंगे। यह निरीक्षण एमसीडी के व्यापक स्वच्छता ड्राइव का हिस्सा है, जो शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

निरीक्षण में जोन अध्यक्ष व क्षेत्रीय पार्षद गुलाब सिंह राठौर, उपायुक्त सिविल लाइंस जोन अंशुल सिरोही, दिल्ली सरकार के अधिकारी और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *