Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

रेलवे और वन विभाग की बैठक संपन्न, हाथी रहेंगे सुरक्षित

बैठक करते रेलवे अधिकारी और वन विभाग

खड़गपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सोमवार शाम रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खड़गपुर मंडल क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के आसपास हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन और वन विभाग के बीच एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से चिन्हित और हाथी कॉरिडोरों में मानव–वन्यजीव संघर्ष को रोकने और रेल दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने पर चर्चा की गई।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बैठक में दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीक के उपयोग और रोकथाम व शमन उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। हाथियों की गतिविधियों पर अग्रिम निगरानी, अर्ली वार्निंग सिस्टम तथा फील्ड स्तर के कर्मचारियों को संवेदनशील बनाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।

रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी कि खड़गपुर मंडल द्वारा चिन्हित हाथी कॉरिडोरों में वन्यजीव क्रॉसिंग के निर्माण का प्रस्ताव पहले ही रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है। इसके माध्यम से हाथियों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेल हादसों की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी। दोनों विभागों ने स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध रूप से लागू करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया कि लोको पायलट, गार्ड सहित रनिंग स्टाफ को नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गति सीमा का पालन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। हाथियों की उपस्थिति का समय रहते पता लगाने के लिए सर्विलांस सिस्टम, सेंसर और अन्य तकनीक आधारित उपायों के इस्तेमाल पर भी चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता खड़गपुर मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय ने की, रेलवे प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से पश्चिमी सर्किल के मुख्य वन संरक्षक डॉ. एस. कुलंदैवेल तथा झाड़ग्राम, रुपनारायणपुर और खड़गपुर के डीएफओ बैठक में शामिल रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *