
कोलकाता, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) . उत्तर दिशा की तेज़ हवा और साफ आसमान के असर से बंगाल में ठंड ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. पूरे हफ्ते तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा, लेकिन शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान और नीचे खिसक कर 14.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. यह सामान्य से 1.3 डिग्री कम है. राज्य के अन्य जिलों में भी पारा नीचे गिरने से ठंड का असर तेज़ हो गया है.
गुरुवार को दार्जिलिंग का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस, श्रीनिकेतन में 9.5 डिग्री सेल्सियस और अलीपुरद्वार में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि ठंड का यह सिलसिला अब पूरे सप्ताह चलेगा. आने वाले सात दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान नौ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं तटीय जिलों में पारा 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.
उत्तर बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड जारी रहेगी. दार्जिलिंग में तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. अन्य पहाड़ी जिलों में अगले सात दिनों तक पारा चार से छह डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. मालदा सहित उत्तर बंगाल के मैदानी जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
