Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

बंगाल में एक और निम्न दबाव की आशंका, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान

कोलकाता

कोलकाता, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पिछले दो दिनों की मूसलाधार बारिश और तूफानी मौसम के बाद बुधवार सुबह कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकेगी। बंगाल की खाड़ी में फिर से एक नया निम्न दबाव बनने की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में दुर्गा पूजा के दौरान बारिश बढ़ सकती है।

म्यांमार से सटे सागर से बना पिछला निम्न दबाव अब झारखंड होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है। इसके असर के कम होने से बुधवार सुबह बादल हटे और धूप निकली। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव बनने जा रहा है। इसके 26 सितंबर तक गहराने और ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट से होकर जमीन पर प्रवेश करने की आशंका है।

आज यानी बुधवार को दक्षिण बंगाल में बड़े स्तर पर बारिश की संभावना नहीं है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिन के समय तापमान अधिक रहेगा और नमी के कारण उमस भी परेशान करेगी।

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार से बारिश का असर फिर बढ़ेगा। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम में भारी बारिश की संभावना है। शुक्रवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। शनिवार से बारिश और तेज होगी, खासकर बांका, मेदिनीपुर, हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में।

दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश जारी रहेगी। सप्तमी और अष्टमी पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि नवमी और दशमी को भारी बारिश का अनुमान है।

उत्तर बंगाल में फिलहाल भारी बारिश का खतरा नहीं है। हालांकि अलग-अलग इलाकों में मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है।मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और त्योहार के दौरान सुरक्षित रहने की अपील की है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *