Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
WORLD

मैक्सिको की नौसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत

टेक्सास के गैल्वेस्टन में कॉज-वे के पास सोमवार को विमान दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। फोटो - ह्यूस्टन क्रानिकल

गैल्वेस्टन (टेक्सास), 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मैक्सिको की नौसेना का एक विमान सोमवार को टेक्सास के गैल्वेस्टन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कई लोगों की मौत हो गई। राहत और बचाव कार्य जारी है। मृतकों की संख्या पर रिपोर्ट अलग-अलग हैं। अमेरिकी कोस्ट गार्ड के अनुसार, इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। अन्य रिपोर्टों में पायलटों, एक डॉक्टर और मरीज सहित छह लोगों की मौत का अंदेशा जताया गया है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स और ह्यूस्टन क्रानिकल की रिपोर्ट के अनुसार, इस विमान में चार मैक्सिकन नेवी अधिकारियों और चार नागरिकों सहित आठ लोग सवार थे। यह विमान आग में गंभीर रूप से झुलसे एक साल के बच्चे को ले जा रहा था। बताया गया है कि राहत और बचाव अभियान के दौरान कम से कम दो लोगों को बचाकर स्थानीय चिकित्सा केंद्रों में ले जाया गया। इनमें एक 27 वर्षीय महिला भी है। दुर्घटना की वजह घना कोहरा बताया गया है।

गैल्वेस्टन काउंटी शेरिफ जिमी फुलन ने कहा कि यह विमान दोपहर 3:17 बजे गैल्वेस्टन कॉज-वे के पश्चिम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शाम पांच बजे तक छह लोगों को बाहर निकाला जा सका। मेक्सिको की नौसेना के सचिवालय ने एक्स पोस्ट में कहा, ”दुर्घटना के समय विमान मिचौ और माउ फाउंडेशन के साथ समन्वय में एक मेडिकल सहायता मिशन पर था। मिचौ और माउ फाउंडेशन मेक्सिको में आग में गंभीर रूप से झुलसे बच्चों की मदद करते हैं।” रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैल्वेस्टन पुलिस विभाग, गैल्वेस्टन काउंटी शेरिफ कार्यालय, अमेरिकी कोस्ट गार्ड और टेक्सास सार्वजनिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी हादसे की जांच कर रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *