
New Delhi, 10 दिसंबर (Udaipur Kiran) . दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को वार्ड संख्या 108, हस्तसाल में रोड संख्या 237, होली चौक, हस्तसाल, उत्तमनगर और विकासपुरी स्थित डीएवी स्कूल क्षेत्र में साफ सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, कूड़ा प्रबंधन, नालों की साफ-सफाई आदि कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान स्थानीय निवासियों ने मंत्री को बताया की विकासपुरी के डीएवी स्कूल के सामने कूड़े का अंबार लगा हुआ है जिससे न केवल बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है बल्कि इस कूड़े से यहां प्रदूषण भी हो रहा है. इसके साथ ही रोड नंबर 237 पर कई जगह सीवरों के ढक्कन खुले हुए हैं जिनसे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. साथ ही रोड के ऊपर कई जगह कूड़ा कचरा पड़ा रहता है और उसको उठाने की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है.
निरीक्षण के बाद शहरी विकास मंत्री ने बताया कि दिल्ली के प्रत्येक वार्ड में लोगों को स्वच्छता सेवाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से उपलब्ध करना सरकार का लक्ष्य है. हरेक इलाके में नियमित रूप से साफ-सफाई और कूड़े का प्रबंधन किया जाए. इसी कड़ी में आज विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया गया ताकि जमीनी स्तर पर मौजूद चुनौतियों को समझकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा सकें.
मंत्री सूद ने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड में चल रहे सफाई एवं स्वच्छता कार्यों की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के साथ कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी, नालों की सफाई तथा जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा भी की. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम को हर संभव सहयोग देकर राजधानी की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार लाना चाहती है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के बीच वर्षों से चली आ रही खींचातानी अब समाप्त होनी चाहिए. एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी बंद होना आवश्यक है.
मंत्री ने यह भी कहा कि जब दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के बीच मजबूत इंट्रा-डिपार्टमेंट कोऑर्डिनेशन स्थापित होगा तभी हम विकसित दिल्ली के संकल्प को सफलतापूर्वक पूरा कर पाएंगे. उन्होंने बताया कि स्वच्छता केवल नगर निगम या सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों के सहयोग से चलने वाली सतत प्रक्रिया है, जिसमें सभी का साथ सहयोग चाहिए.
शहरी विकास मंत्री ने आगे कहा की इन कार्यों को करने वाली सभी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं. स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली वासियों की शिकायतों के शीघ्र अति शीघ्र समाधान पर गंभीरता पूर्वक कार्य कर रही है.
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
