Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों का मंत्री इंद्राज ने किया निरीक्षण

बवाना स्थित वार्ड–30 में स्वच्छता व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह

नई दिल्ली, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने शुक्रवार को बवाना स्थित वार्ड–30 में स्वच्छता व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों, कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छता बढ़ाने और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए सरकार द्वारा वाहनों से सड़क की सफाई, नियमित पानी का छिड़काव, धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन को मजबूत करना, खुले में कचरा जलाने पर सख्त कार्रवाई, हरित क्षेत्रों का विस्तार तथा निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कूड़े का समयबद्ध और नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए। नालियों की नियमित सफाई कर जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत दें। प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों की नियमित जांच कर मानकों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इंद्राज ने आमजन से भी प्रदूषण नियंत्रण में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली का संकल्प, आमजन के सहयोग से ही पूरा होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि खुले में कचरा या अलाव न जलाएं, वाहनों का नियमित प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) बनवाएं, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखें और सरकार द्वारा जारी पर्यावरण से जुड़े दिशानिर्देशों का पालन करें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। दिल्ली सरकार जनभागीदारी के माध्यम से प्रदूषण-मुक्त, स्वच्छ और स्वस्थ राजधानी की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

समाज कल्याण मंत्री ने बवाना गौशाला से शुरू कर, मुख्य मार्ग स्थित पीडब्ल्यूडी ड्रेन, ईश्वर कॉलोनी और विजय नगर में निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, टाटा पावर एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *