बाबा साहेब के सपने को साकार कर रही मोदी सरकार : डॉ. सिकंदर कुमार

बाबा साहेब को श्रधांजलि देते सिकंदर कुमार

शिमला, 6 दिसंबर (Udaipur Kiran) . भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा से प्रेरित होकर समावेशी और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सामाजिक न्याय, वंचित वर्गों के उत्थान, श्रमिक कल्याण और समान अवसरों पर आधारित राष्ट्र की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है.

डॉ. सिकंदर कुमार ने संसद भवन परिसर, नई दिल्ली में Saturday को बाबा साहेब के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का पूरा जीवन समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने के संघर्ष को समर्पित रहा. उन्होंने समानता, न्याय और विकास के सिद्धांतों के साथ आधुनिक लोकतांत्रिक भारत की नींव रखी.

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि बाबा साहेब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, दार्शनिक, समाज सुधारक और राष्ट्र निर्माता थे. उनके दूरदर्शी विचारों और संघर्षों ने देश को वह दिशा दी, जिस पर चलते हुए आज भारत विश्व मंच पर मजबूती से खड़ा है. उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों से प्रेरणा लेकर मोदी सरकार जन कल्याण, सुशासन और सामाजिक न्याय की नीति को और मजबूत बना रही है.

उन्होंने बताया कि 27 नवंबर 2025 को पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में भारत के संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर बाबा साहेब की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण होना सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए गौरव की बात है. यह प्रतिमा केवल एक महान नेता को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर न्याय, समानता और मानव गरिमा की पहचान के रूप में स्थापित हुई है.

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि बाबा साहेब ने अपने जीवन में श्रमिकों, किसानों, दलितों और शोषितों के अधिकारों के लिए कई ऐतिहासिक लड़ाइयाँ लड़ीं. गोलमेज सम्मेलनों से लेकर बंबई विधानसभा तक उन्होंने जीवन निर्वाह मजदूरी, श्रमिकों के अधिकार, किसानों की मुक्ति और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन का सशक्त प्रयास किया. उन्होंने इंडिपेंडेंट लेबर पार्टी की स्थापना कर श्रमिक हितों की आवाज को मजबूत किया.

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा बनाए गए अनेक श्रम कानून आज भी करोड़ों श्रमिक परिवारों के जीवन को सुरक्षा देते हैं. औद्योगिक विवाद विधेयक, खनिक मातृत्व लाभ, कामगार मुआवजा, बॉयलर संशोधन विधेयक जैसे कानूनों ने श्रमिक कल्याण की मजबूत नींव रखी.

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संदेश देता है कि समानता, न्याय और बंधुत्व ही किसी भी सशक्त राष्ट्र की पहचान होते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब की विचारधारा को आत्मसात करते हुए “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है.

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Leave a Comment