Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

भारत के लिए गिल की फॉर्म से ज्यादा चिंता का विषय सूर्या को लेकर : मोहम्मद कैफ

/tjd/e

नई दिल्ली, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने कहा है कि आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम के लिए शुभमन गिल की फॉर्म से ज्यादा चिंता का विषय सूर्यकुमार यादव को लेकर है।

टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण अगले साल 7 फरवरी से शुरू होगा और 8 मार्च को फाइनल खेला जाएगा। भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं। यह टूर्नामेंट आठ स्थानों (भारत में पांच और श्रीलंका में तीन) पर आयोजित होगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर कैफ ने रविवार को एक्स पर लिखा, टी20 विश्व कप नजदीक होने के कारण, भारत के लिए गिल की फॉर्म से ज्यादा चिंता का विषय सूर्या की फॉर्म है। भारत के पास सलामी बल्लेबाज के कई विकल्प हैं, लेकिन एक तय कप्तान को बदला नहीं जा सकता।

दोनों बल्लेबाजों का इस साल टी20 में प्रदर्शन बहुत ही साधारण रहा है। सूर्यकुमार यादव ने इस साल एक भी अर्धशतकीय पारी नहीं खेली है। उनका बल्लेबाजी औसत और स्टाइक रेट भी खराब रहा है। भारतीय टी20 टीम कप्तान ने इस साल 19 मैचों में 201 रन बनाए हैं। इस दौरान अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं बनाया है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का औसत 14.35 और स्ट्राइक रेट 126.41 रहा है।

दूसरी ओर, गिल का भी टी20 अंतरराष्ट्रीय में प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गिल ने 14 मैचों में 263 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 23.90 और स्ट्राइक रेट 142.93 है।

दोनों बल्लेबाजों के पास अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में मौका

दोनों बल्लेबाजों के पास दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के बचे मैचों में रन बनाने का मौका है। यह सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर चल रही है। अब तक खेले गए दोनों मैचों में सूर्यकुमार और गिल बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाए हैं। गिल जहां पहले मैच में 4 रन बनाकर आउट हुए थे, वहीं दूसरे मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे। दूसरी ओर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले मैच में 12 रन की पारी खेली थी, जबकि दूसरे मैच मं 5 रन ही बना सके थे। दोनों टीमों के बीच आज (रविवार) रात हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में तीसरा मैच खेला जाएगा। मैच में दोनों खिलाड़ी रन बनाकर वापसी करना चाहेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *