सोनीपत: ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी में 21 लाख से अधिक हड़पे

सोनीपत, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सोनीपत
जिले में साइबर ठगी व्हाट्सएप समूह और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक व्यक्ति से 21
लाख 18 हजार रुपये की ठगी की गई। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम सोनीपत में मुकदमा
दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-15
निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 अक्टूबर 2025 को उन्हें बिना
सहमति एक ऐसे व्हाट्सएप समूह में जोड़ा गया, जो एक प्रतिष्ठित निवेश कंपनी के नाम से
बनाया गया था। समूह में प्री-आईपीओ और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच दिया
गया। आरोपियों ने पीड़ित से ऑनलाइन प्रपत्र भरवाए और समूह के माध्यम से ट्रेडिंग तथा
ब्लॉक ट्रेड करवाई।
शुरुआत
में कुछ लाभ दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता गया। इसके बाद अधिक रकम निवेश करवा ली गई।
जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो यह कहकर मना कर दिया गया कि उनका
खाता हाई नेटवर्थ श्रेणी में डाल दिया गया है और धन स्वचालित रूप से प्री-आईपीओ में
लगा दिया गया है, जबकि इसकी कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पीड़ित के अनुसार उन्होंने एनईएफटी
और आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न खातों और फर्मों में कुल 21 लाख 18 हजार रुपये स्थानांतरित
किए। बाद में उनकी पूरी राशि सीज कर दी गई और उनसे 18 लाख 31 हजार रुपये की अतिरिक्त
मांग की जाने लगी। ठगी का अहसास होने पर 18 दिसंबर 2025 को 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत
दर्ज कराई गई।
पुलिस
ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दस्तावेजों की प्रतियां वरिष्ठ अधिकारियों
को भेज दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके
खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना



