Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

मास्को की हठ से ट्रंप-पुतिन शिखर वार्ता पर संकट के बादल

वॉशिंगटन/मास्को, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम (सीजफायर) पर रूस के इनकार के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच प्रस्तावित शिखर वार्ता पर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं। राजनयिक सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों के बीच होने वाली तैयारी बैठक के स्थगित होने से वार्ता की संभावना कमजोर पड़ी है।

ट्रंप ने हाल ही में पुतिन से फोन पर बातचीत की थी और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी मुलाकात की थी। उनका उद्देश्य आने वाले दो हफ्तों में हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में पुतिन के साथ बैठक कर युद्ध समाप्ति की दिशा में कदम बढ़ाना था।

हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच गुरुवार को बुडापेस्ट में होने वाली तैयारी बैठक को अचानक टाल दिया गया। इसके चलते अब शिखर वार्ता पर संशय गहरा गया है।

फिलहाल न तो अमेरिका और न ही रूस ने औपचारिक रूप से बैठक रद्द करने की घोषणा की है। फिर भी, संकेत यही हैं कि अगर मास्को अपनी कठोर शर्तों से पीछे नहीं हटता, तो ट्रंप प्रशासन वार्ता को टाल सकता है।

हंगरी के विदेश मंत्री पीटर सिजियार्तो ने मंगलवार को वॉशिंगटन से फेसबुक पर लिखा, “आने वाले कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं।”

यूरोपीय राजनयिकों का कहना है कि रूस अब भी अपने कब्जे वाले क्षेत्रों से पीछे हटने को तैयार नहीं है। एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा, “रूस अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है, और जब यह साफ हो गया कि बुडापेस्ट में ट्रंप के लिए कोई समझौता संभव नहीं, तो अमेरिका ने फिलहाल कदम पीछे खींच लिया।”

——————-

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *