नववर्ष के स्वागत को मोती डूंगरी गणेश मंदिर तैयार

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नए साल 2026 की शुरुआत पर जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। नववर्ष के स्वागत की तैयारियां मंदिर प्रशासन ने शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार दर्शन व्यवस्था को पूरी तरह गणेश चतुर्थी की तर्ज पर रखा गया है, ताकि भक्तों को सुगम और निर्बाध दर्शन मिल सकें।
मंदिर प्रशासन के अनुसार वर्ष 2025 के स्वागत के दौरान उमड़ी भारी भीड़ के अनुभव से सबक लेते हुए इस बार भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर स्थायी लोहे की बैरिकेडिंग की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहेंगी।
मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि भक्तों की प्रवेश व्यवस्था के लिए सात अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, जबकि बाहर निकलने के लिए आठ निकासी मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इससे भीड़ का दबाव एक ही स्थान पर नहीं पड़ेगा और दर्शन लगातार चलते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सुबह 5 बजे मंगला आरती के साथ दर्शन प्रारंभ होंगे और रात्रि 9 बजे शयन आरती के साथ संपन्न होंगे। पूरे दिन श्रद्धालु बिना किसी बाधा के भगवान श्री गणेश के दर्शन कर सकेंगे। नववर्ष के विशेष अवसर पर भगवान गजानन स्वर्ण मुकुट धारण कर भक्तों को दर्शन देंगे।
नववर्ष पर भगवान का मनमोहक श्रृंगार, विशेष पोशाक और छप्पन भोग श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 72 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस जाब्ता भी तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
—————
(Udaipur Kiran)



