पहाड़ -समतल वाहन चालक विवाद और गहराया, दार्जिलिंग की गाड़ियों के मैदानी इलाकों से यात्री ले जाने पर रोक

सिलीगुड़ी, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दार्जिलिंग जिले में पहाड़ और मैदानी इलाकों के वाहन चालकों के बीच विवाद के चलते मंगलवार से दार्जिलिंग की गाड़ियां सिलीगुड़ी से पर्यटकों को लेकर नहीं जा सकेंगी। मंगलवार सुबह से पर्यटक सामान्य रूप से सिलीगुड़ी की गाड़ियों से ही दार्जिलिंग रवाना हो रहे हैं। हालांकि वाहन चालक इस समस्या का जल्द समाधान चाहते है। सभी की मांग है कि दोनों पक्ष आपसी बातचीत के जरिए इस विवाद का निपटारा करें।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ हफ्तों से सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग जाने वाले पर्यटक वाहनों को पहाड़ में साइड सीन पर रोकने के आरोप लगते रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर कई बार बातचीत हुई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। इसके बाद सोमवार को समतल के वाहन चालकों ने भी ऐलान किया कि अब दार्जिलिंग की कोई भी गाड़ी समतल से पर्यटकों को लेकर नहीं जाएगी। दार्जिलिंग की गाड़ियों को पर्यटकों को यहां छोड़कर खाली लौटना होगा।
इससे पहले पहाड़ में गाड़ियां रोके जाने की घटनाओं के बाद समतल के वाहन चालक और टूर ऑपरेटर संगठनों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी। बाद में प्रशासन की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच बैठक भी हुई। उस बैठक में पहाड़ के वाहन चालक संगठनों ने मांग रखी कि पहाड़ में साइड सीन के लिए पर्यटकों को उनकी ही गाड़ियां किराए पर लेनी होंगी, जबकि सिलीगुड़ी की गाड़ियां केवल पर्यटकों को पहाड़ तक पहुंचाएंगी। इसी के विरोध में अब समतल के वाहन चालकों ने यह जवाबी कदम उठाया है।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार



