Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मप्रः मंडला में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

मंडला, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंडला जिले में बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर बिछिया और सिझोरा के बीच स्थित ग्राम गुनेरा के पास रविवार शाम एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से सिझोरा से बिछिया की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सोनू (19) पुत्र देव सिंह धुर्वे निवासी डूंगरा और सियाराम (32) पुत्र चमरा कुशराम निवासी घुघरा टोला एक बाइक से तेरहवीं का न्योता देने गए थे। लौटते समय रविवार शाम करीब 6:30 बजे पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक ट्रक के पहियों के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से और बिछिया पुलिस के कड़ी मेहनत के बाद युवकों के शवों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बिछिया भेज दिया।

बिछिया थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *