हत्या की गुत्थी सुलझी, आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके के ज्वाला जी मंदिर परिसर में घुसकर पंडित की पत्नी कुसुम शर्मा (48) की हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान आंचल सक्सेना (33) के रूप में हुई है। आंचल ने मंदिर के पुजारी महेश चंद शर्मा व उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरोपित का दावा है कि वह अपनी मां व बाकी परिजनों के साथ नियमित रूप से मंदिर जाता है। मंदिर परिसर में पंडित व उसका परिवार उनसे अच्छा बर्ताव नहीं करते थे। इस बात से उसको तकलीफ होती थी। कई बार उसकी मां के साथ भी बुरा व्यवहार किया गया। यह बात आंचल सक्सेना को बर्दाश्त नहीं हुई और उसने पुजारी की हत्या करने की योजना बना ली।
आरोपित गंडासा लेकर मंदिर परिसर में पहुंचा। उसने वहां पहुंचकर पुजारी को पूछा। उनके न होने पर आरोपित ने उनकी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपित की पहचान कर रविवार देर शाम आरोपित को इलाके से दबोच लिया। उसके पास से हथियार भी बरामद कर लिया गया।
शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने साेमवार काे बताया कि आरोपित आंचल सक्सेना एमए पास है। फिलहाल वह प्राइवेट नौकरी कर रहा है। पूछताछ के दौरान उसने खराब बर्ताव को ही कारण बताया है। पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि मानसरोवर पार्क इलाके में रविवार को दिन-दहाड़े मंदिर परिसर में घुसकर आरोपित ने पुजारी की पत्नी की हत्या कर दी थी।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी



