Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नन्हे कलाकार फेस्टिवल का आगाज 24 दिसंबर से

नन्हे कलाकार फेस्टिवल का आगाज 24 दिसंबर से:कई दिग्गज कलाकार देंगे लाइव परफॉर्मेंस

जयपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । इस क्रिसमस जयपुर रंगों, सुरों और रचनात्मकता की ऐसी दुनिया में कदम रखने जा रहा है। जहां कला केवल देखी नहीं जाएगी, बल्कि महसूस की जाएगी। संगीत, लोक परंपराओं और आधुनिक क्रिएटिव एक्सपीरियंस से सजा ‘नन्हे कलाकार फेस्टिवल’ अपने पांचवें संस्करण के साथ 24 और 25 दिसंबर को होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित होने जा रहा है। अभ्युत्थानम फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय फेस्ट स्पेशली एबल्ड बच्चों के लिए फंड रेजिंग इवेंट के रूप में आयोजित किया जा रहा है जिसमें बच्चों, युवाओं, परिवारों और कला प्रेमियों के लिए एक जीवंत मंच बनेगा, जहां आर्ट, म्यूज़िक, लोक संस्कृति और नई सोच एक साथ मिलकर एक यादगार उत्सव का रूप लेंगी। यह फेस्ट राजस्थान की कला और लोक परंपराओं को नए दौर और नई तकनीक से जोड़ने की एक अनोखी पहल है, जिसमें आर्ट को केवल देखने नहीं, बल्कि महसूस करने और जीने का मौका मिलेगा।

नन्हे कलाकार फेस्टिवल में इस बार 6+ बड़े म्यूज़िकल कॉन्सर्ट्स और 80+ फूड, आर्ट और मर्चेंडाइज़ स्टॉल्स सजेंगे। नन्हे कलाकार फेस्टिवल बच्चों और परिवारों के लिए एक ड्रीम फेस्ट साबित होगा। दोनों दिन सुबह से रात तक 20+ आर्ट वर्कशॉप्स चलेंगी, जो हर उम्र के लोगों के लिए ओपन होंगी। 40+ फन क्राफ्ट वर्कशॉप्स, गेम्स और राइड्स, जयपुर की पहली बेबी रेव, पॉटरी, ब्लॉक प्रिंटिंग, मंडाना आर्ट, पतंग बनाना, ओरिगामी, लिप्पन आर्ट, कैंडल मेकिंग, टॉय मेकिंग और कई क्रिएटिव एक्टिविटीज़ बच्चों के लिए खास रहेंगी।

नन्हे कलाकार फेस्टिवल के पाँचवें संस्करण में इस बार राजस्थान की पारंपरिक कला को आधुनिक सोच और नई तकनीक के साथ एक अनोखे अंदाज़ में प्रस्तुत किया जाएगा। फेस्ट का खास आकर्षण होगा टेक्सटाइल वॉक, जहाँ राजस्थान की समृद्ध टेक्सटाइल हेरिटेज को एआई और मॉडर्न टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ते हुए एक नए रूप में दिखाया जाएगा। इसके साथ ही कलरफुल पचरंगा परेड में लोक संस्कृति रंगों, परिधानों और उत्सव के जोश के साथ सड़कों पर उतरती नज़र आएगी, जो विविधता और परंपरा की खूबसूरती को सेलिब्रेट करेगी। फेस्ट में जैमिंग सेशन्स के ज़रिए कलाकारों को खुलकर साथ संगीत रचने का मंच मिलेगा, वहीं स्पेशली-एबल्ड के लिए फंडरेज़र के ज़रिए कला को सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा जाएगा। बच्चों और परिवारों के लिए खास तौर पर बेबी रेव और सनडाउनर फोक रेव का आयोजन किया जाएगा, जहाँ नन्हे बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी संगीत, मस्ती और सुरक्षित माहौल में आनंद ले सकेंगे।

पहले दिन की शुरुआत होगी पचरंगा परेड से, जहाँ लोग रंगीन पारंपरिक पहनावे में सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाएंगे। इसके बाद कुर्जल, मंदीप और हर्ष की जैमिंग सेशन, जयपुर की पहली बेबी रेव और शाम को कबीर कैफ़े का लाइव कॉन्सर्ट दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। रात का समापन होगा टेक्सटाइल वॉक और लेजेंडरी इंडियन ओशन बैंड की धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ।

दूसरे दिन दर्शकों को मिलेगा दिगपाल द्वारा राजस्थानी फोक जैमिंग, इसके बाद राहगीर की सोलफुल परफॉर्मेंस होगी। दिन में रणमल जैन की कविता प्रस्तुति, शाम को दिग्विजय सिंह जसाना के साथ फोक रेव और ग्रैंड फिनाले होगा सोना मोहापात्रा के लाइव कॉन्सर्ट के साथ।

अभ्युत्थानम फाउंडेशन के फाउंडर और नन्हे कलाकार फेस्टिवल के आयोजक रिद्धि चंद्रावत ने बताया कि नन्हें कलाकार फेस्टिवल सिर्फ़ एक इवेंट नहीं, बल्कि एक ऐसा प्लेटफार्म है जहाँ कला, संगीत और क्रिएटिविटी हर उम्र के लोगों को जोड़ती है। हमारा उद्देश्य बच्चों से लेकर कलाकारों तक सभी को एक ऐसा अनुभव देना है, जो यादगार भी हो और प्रेरणादायक भी।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *