Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

नर्मदा महोत्सवः शरद पूर्णिमा पर 5 और 6 अक्टूबर को भेडाघाट में बहेगी सुरों की सरिता

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह

– अभिलिप्सा पांडा, मैथिली ठाकुर और लखवीर सिंह लक्खा देंगे सुरीली आवाज में भजनों की प्रस्तुति

जबलपुर, 23 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शरद पूर्णिमा के अवसर पर 5 और 6 अक्टूबर को भेडाघाट में नर्मदा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। संगमरमरी वादियों के लिये प्रख्यात पर्यटन स्थल भेडाघाट में नर्मदा महोत्सव के आयोजन का यह लगातार 22 वां वर्ष है। इस बार के नर्मदा महोत्सव में विश्वप्रसिद्ध धुआंधार जलप्रपात के समीप बने मुक्ताकाशी मंच पर भजनों की सरिता बहेगी। दो दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन 5 अक्टूबर की सांस्कृतिक संध्या में पुरी की सुप्रसिद्ध भजन गायिका अभिलिप्सा पांडा अपनी सुरीली आवाज में भजनों की प्रस्तुति देंगी। वहीं, दूसरे दिन 6 अक्टूबर को मधुबनी की मैथिली ठाकुर और पंजाब के लखवीर सिंह लक्खा भजन प्रस्तुत करेंगे। इनके अलावा स्थानीय कलाकारों की सांकृतिक प्रस्तुतियां भी इस दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव में होंगी।

मंगलवार को महोत्सव को लेकर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। नगर निगम जबलपुर के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार को नर्मदा महोत्सव के अतिथि कलाकारों के आगमन से लेकर उनके ठहरने एवं भोजन आदि का प्रबंध करने की जिम्मेदारी सौंपी है। नगर निगम आयुक्त को शहर में प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स के माध्यम से नर्मदा महोत्सव का व्यापक-प्रचार करने तथा आयोजन स्थल पर अग्निशमन वाहन एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने का दायित्व भी सौंपा गया है। वहीं, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत को नर्मदा महोत्सव के आयोजन के दौरान महिला स्व-सहायता द्वारा निर्मित सामग्री का प्रदर्शन करने हेंडीक्राफ्ट मेला का आयोजन सुनिश्चित करने का कार्य सौंपा गया है।

अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड को मुख्य अतिथि के आगमन और प्रस्थान के लिये लाइजनिंग अधिकारी को नियुक्त करने, आमंत्रण पत्र तैयार करने, आयोजन स्थल के अलग-अलग सेक्टर्स के लिये कार्यपालिक मजिस्ट्रेट को तैनात करने, नर्मदा महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिये फ्लेक्स, ब्रोशर, पम्पलेट्स एवं अन्य सामग्री तैयार करने, कलाकारों के अनुसार मंच पर लाइट, साउंड एवं माइक आदि की व्यवस्था करने, बैंकों एवं अन्य व्यवसायिक संस्थानों को स्टॉल आवंटित करने तथा आयोजन के दौरान दिन में नौका विहार की उचित व्यवस्था तय करने की जिम्मेदारी दी गई है। अपर कलेक्टर श्री गोंड को आयोजन स्थल पर आगन्तुकों की बैठक व्यवस्था, लाइट, साउंड, टेंट, स्टेज लाइट, जनरेटर, एलईडी वॉल, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी आदि का दायित्व भी दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी को नर्मदा महोत्सव के दौरान भेडाघाट में सुरक्षा व्यवस्था की तथा यातायात एवं वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की दायित्व सौंपा गया है। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शिवेंद्र सिंह एवं खनिज अधिकारी ऐ के राय को आयोजन स्थल की लेवलिंग एवं बेरिकेटिंग का तथा भेडाघाट की सड़कों की मरम्मत का कार्य सौंपा गया है। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री नीरज कुचिया को आयोजन स्थल पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा हाईमास्ट लगाने का कार्य सौंपा गया है। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण ईएण्डएम पी के पड़वार को पूर्व के अनुसार यथा स्थान नमामि देवी नर्मदे का ग्लोसाइन बोर्ड लगाने का काम सौपा गया है।

मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय मल्होत्रा को प्रदेश में स्थित सभी पर्यटन स्थलों एवं पर्यटन विभाग की सभी होटलों में नर्मदा महोत्सव का प्रचार करने, नर्मदा महोत्सव आयोजन स्थल पर फूड फेस्टिवल लगाने, शरद पूर्णिमा खीर का स्टॉल लगाने, पर्यटन विभाग की होटल में आगंतुकों को 25 प्रतिशत की छूट देने तथा जबलपुर स्थित होटलों से भी समन्वय स्थापित कर आगंतुकों को छूट देने की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला सत्कार अधिकारी पीयूष दुबे को नर्मदा महोत्सव के दो दिवसीय आयोजन में आमंत्रित अतिथियों के लिए पात्रतानुसार वाहन की व्यवस्था करने, आमंत्रित अतिथियों एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को निमंत्रण पत्र देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं सयुंक्त कलेक्टर ऋषभ जैन को आमंत्रण पत्र के वितरण का दायित्व दिया गया है। क्षेत्रीय परिवहन आयुक्त जितेंद्र सिंह रघुवंशी को नर्मदा महोत्सव के आयोजन के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भेडाघाट तक रियायती दर पर यात्री बस की उपलब्धता सुनिश्वित करने तथा मेट्रो बसों एवं निजी यात्री बसों में नर्मदा महोत्सव का प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा को नर्मदा महोत्सव के आयोजन के दौरान आयोजन स्थल पर चिकित्सकीय स्टॉफ सहित एम्बुलेंस को तैनात करने, कमांडेंट होमगार्ड नीरज सिंह ठाकुर को सुरक्षा हेतु होमगार्ड के जवान उपलब्ध कराने नौका विहार के लिये सुरक्षा उपकरणों सहित गोताखोर एवं मोटर बोट को तैनात करने का दायित्व दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी को नर्मदा महोत्सव के आयोजन के दौरान दिन में स्कूली बच्चों की चित्रकला एवं निबंध जैसी प्रतियोगितायें आयोजित करने का कार्य सौंपा गया है। इसी प्रकार भेडाघाट नगर पंचायत के सीएमओ विक्रम झरिया को भेडाघाट के मूर्तिकारों के बीच कलाकृति एवं फोटोग्राफर्स के बीच मॉं नर्मदा पर केंद्रित फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन करने तथा आयोजन स्थल की साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी गई है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *