Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

नारनौलः ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत 105 महिलाओं ने करवाई स्वास्थ्य जांच

शिविर में स्वास्थ्य जांच के लिए पंजीकरण करवाती महिलाएं।

नारनाैल, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । जिले के गांव निंबी स्थित वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को आयुष विभाग की ओर से ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ के तहत निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में 105 महिलाओं ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ सुमन कुमारी ने गर्भवती महिलाओं को ‘गर्भिणी परिचर्या’ विषय पर आहार-विहार संबंधी जानकारी दी। वहीं किशोरियों के लिए आईसीसी गतिविधियों के तहत ‘राजःस्वलाचार्य’ के पैम्पलेट वितरित किए।

शिविर में उपस्थित रोगियों की नाड़ी परीक्षा कर दोषों का आंकलन किया गया और निशुल्क औषधि वितरण किया। सेमिनार में डॉ सुमन ने प्रतिभागियों को संतुलित आहार एवं पोषण परामर्श प्रदान किया तथा शुद्ध सात्विक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने रसोई में प्रयुक्त सामान्य मसालों और दालों के औषधीय गुणों पर जानकारी देते हुए कहा कि इनके सही उपयोग से अनेक रोगों की रोकथाम की जा सकती है। किशोरियों को पीसीओएस, मासिक धर्म संबंधी समस्याएं, मस्क्युलोस्केलेटल विकार तथा तनाव प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि किस प्रकार आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर इनसे बचाव संभव है। शिविर में मधुमेह एवं रक्तचापाधिक्य (हाइपरटेंशन) के रोगियों की जांच व परामर्श भी किया। विद्यालय के छात्रों को योगाभ्यास कराया जिससे उन्हें शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाया। इस मौके पर विद्यालय की छात्राओं व ग्रामीण महिलाओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *