Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

नारनौलः ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में कर्मचारियों ने दिया धरना

धरने पर बैठे कर्मचारी।

नारनाैल, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बिजली विभाग की ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में सोमवार को हरियाणा एचएसईबी वर्कर यूनियन ने नारनौल और अटेली में धरना दिया। कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की तथा पॉलिसी को अव्यवहारिक बताया। यूनियन ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को तुरंत रद्द करने की मांग की।

कर्मचारियों ने कहा कि यह नीति तकनीकी कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है और बिना किसी सुधार के लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि तकनीकी कर्मचारियों का हर दो साल में ऑनलाइन ट्रांसफर किया जाएगा, तो उन्हें नए फील्ड एरिया को समझने में ही काफी समय लग जाएगा। इससे न केवल कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होगी, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि फील्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, लाइन व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। यूनियन ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को तुरंत रद्द करने और जोखिम भत्ता देने की मांग भी उठाई।

धरना स्थल पर प्रवीण जेई ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑनलाइन पॉलिसी लागू होने पर कर्मचारियों के ट्रांसफर ऑनलाइन माध्यम से होंगे, जिससे नए कर्मचारी को क्षेत्र की पुरानी तकनीकी जानकारी और लाइन संबंधी विवरण नहीं मिल पाएगा। इससे हादसों की संभावना बढ़ेगी और उपभोक्ता सेवा भी प्रभावित होगी। इस दौरान कर्मचारियों ने डीसी रेट पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थाई करने और उन्हें स्थाई कर्मचारियों जैसी सभी सुविधाएं देने की मांग भी उठाई। यूनिट उपप्रधान राकेश यादव और सब अर्बन सब यूनिट प्रधान चंद्रजीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *