Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

नारनौलः हरियाणा सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धः जोगेंद्र सिंह

स्टालों का अवलोकन करते मिशन निदेशक जोगेंद्र सिंह।

नारनाैल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । किसानों को बागवानी की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को कनीना ब्लॉक के गांव बुचावास में एक जिला स्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य बागवानी विकास एजेंसी (एचएसएचडीए) पंचकूला के मिशन निदेशक जोगेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और किसानों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर उनके उत्पादों की सराहना की।

मिशन निदेशक जोगेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और बागवानी विभाग विभिन्न योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए भरसक प्रयास कर रहा है। उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि महेंद्रगढ़ जिले की जलवायु के अनुसार यहां बेर, नींबू और किन्नू जैसे शुष्क फलों की बागवानी बेहद लाभदायक है। जिला उद्यान अधिकारी डा प्रेम कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा सब्जी और मसाले की खेती व बीज उत्पादन के लिए 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से अनुदान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसान बिरेंद्र सिंह के खेत में ग्राफ्टेड बैंगन और ड्रैगन फ्रूट की खेती का भी अवलोकन किया, जिसे देखकर अन्य किसान उत्साहित हुए। इस सेमिनार में डा नेहा यादव, मुकेश शिवराण, डा नरेंद्र सिंह सहित कई कृषि विशेषज्ञों ने तकनीकी जानकारी साझा की। इस मौके पर जिले के करीब 250 प्रगतिशील किसानों व स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *