Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HARYANA

नारनौलः पूर्वजों की शहादत सबके लिए प्रेरणा का स्रोतः आरती सिंह राव

शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि देते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव।

नारनाैल, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा वीरों तथा बलिदानियों की धरा है। देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद भी यहां के वीरों ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को नसीबपुर स्थित शहीद स्मारक पर हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राव तुलाराम को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद लोगों को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भी शहीदों को नमन किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों की शहादत हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राव तुला राम के नेतृत्व में नसीबपुर में अंग्रेजों के खिलाफ एक भयंकर युद्ध लड़ा, जिसमें उन्होंने और उनके सैनिकों ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी। यहां एक ही दिन में पांच हजार से अधिक सैनिकों ने अपनी शहादत दी थी। उनकी वीरता और साहस को हमेशा याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि यह अवसर ये संकल्प लेने का भी है कि हम अपने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखेंगे। हम शिक्षा के माध्यम से, अपने कर्मों से और अपने विचारों से देश को और मजबूत बनाएंगे। यही हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, नांगल चौधरी की विधायक मंजू चौधरी, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव तथा नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *