एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नेपाल ने भारत से अतिरिक्त एयर रूट की मांग की

काठमांडू, 18 अगस्त (Udaipur Kiran). नेपाल और भारत के बीच हवाई संपर्क को बेहतर बनाने के लिए नेपाल सरकार ने भारत से एक बार फिर अतिरिक्त एयर रूट देने की मांग की है. भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री की नेपाल यात्रा के दौरान नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा ने भारत के विभिन्न शहरों से नेपाल के शहरों को सीधे जोड़ने और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने का औपचारिक आग्रह किया.

Nepal-India air connectivity

वर्तमान में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, वाराणसी और कोलकाता से काठमांडू के लिए सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं. नेपाल सरकार ने पटना, लखनऊ, देहरादून, अहमदाबाद, जयपुर और दक्षिण भारत के हैदराबाद से भी नेपाल के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है. साथ ही, भारत के अन्य शहरों को न सिर्फ काठमांडू, बल्कि पोखरा और भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से भी जोड़ने का अनुरोध किया गया है. विदेश मंत्री डॉ. राणा ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री केपी ओली की प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान इस विषय पर सकारात्मक निर्णय हो सकता है.

बैठक के दौरान नेपाल ने भारत से आने वाले अंतरराष्ट्रीय विमानों के लिए दो नए एयर रूट—गोरखपुर-सुनौली और लखनऊ-नेपालगंज—की भी मांग की है. डॉ. राणा ने बताया कि वर्तमान में भारत के एयरस्पेस से नेपाल में आने वाले विमानों के लिए केवल पटना-मोतिहारी-रक्सौल-सिमरा होते हुए काठमांडू का ही रूट उपलब्ध है, जिससे काठमांडू एयरपोर्ट पर अत्यधिक भीड़ हो जाती है और कई विमानों को लंबे समय तक आसमान में होल्ड करना पड़ता है.

Leave a Comment