Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

न्यूजीलैंड ने तीसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को 323 रन से हराकर 2-0 से जीती सीरीज

जीत दर्ज करने के बाद पवेलियन लौटती न्यूजीलैंड की टीम

माउंट माउंगानुई (न्यूजीलैंड), 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । न्यूजीलैंड ने सोमवार को माउंट माउंगानुई में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज को 323 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। इस मुकाबले में जैकब डफी की घातक गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई, जिन्होंने दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए।

न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के सामने 462 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, लेकिन मेहमान टीम महज 138 रन पर सिमट गई। लंच से पहले और बाद में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और चाय के तुरंत बाद, सिर्फ चार ओवर में पूरी टीम ऑलआउट हो गई।

डफी ने 42 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि स्पिनर अजाज पटेल ने 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वेस्टइंडीज की ओर से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग ने सर्वाधिक 67 रन बनाए।

दरारों से भरी पिच पर असमान उछाल और मूवमेंट मिल रहा था, जिसका डफी और अजाज ने भरपूर फायदा उठाया। वेस्टइंडीज की टीम एक समय बिना विकेट खोए 87 रन पर थी, लेकिन इसके बाद 25 रन के भीतर 8 विकेट गंवा बैठी।

दिन की शुरुआत वेस्टइंडीज ने 43/0 से की थी। ब्रैंडन किंग ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम के शुरुआती 59 में से 53 रन बनाए। हालांकि ड्रिंक्स ब्रेक के बाद न्यूजीलैंड ने फील्डिंग में आक्रामकता बढ़ाई और यहीं से मैच पलट गया।

डफी ने 87 के स्कोर पर किंग को गली में ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। इसके बाद अजाज पटेल ने जॉन कैंपबेल (16) को आउट किया। अजाज ने जल्द ही कावेम हॉज को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। डफी ने लगातार झटके देते हुए एलेक अथानाज (2), जस्टिन ग्रीव्स (0) और कप्तान रोस्टन चेज (5) को आउट किया। चेज के लिए यह सीरीज बेहद खराब रही, जिसमें उन्होंने तीन टेस्ट में सिर्फ 42 रन बनाए।

अजाज पटेल ने शाई होप (3) को एलबीडब्ल्यू किया। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने चोटिल केमार रोच (4) को बोल्ड किया। अंतिम सत्र में रचिन रविंद्र ने एंडरसन फिलिप को आउट किया, जबकि जैकब डफी ने जेडन सील्स को बोल्ड कर वेस्टइंडीज की पारी और मैच का अंत कर दिया।

इससे पहले न्यूजीलैंड के लिए दोनों पारियों में सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत दी। डेवोन कॉनवे ने दोनों पारियों में 227 और 100 रन की शानदार पारियां खेलीं, जबकि कप्तान टॉम लैथम ने 137 और 101 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी सलामी जोड़ी ने एक ही मैच की दोनों पारियों में शतक लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों की मदद से न्यूजीलैंड ने जहां पहली पारी में 8 विकेट पर 575 रन बनाए, वहीं दूसरी पारी 2 विकेट पर 306 रन बनाकर घोषित की थी।

सीरीज की शुरुआत क्राइस्टचर्च टेस्ट ड्रॉ से हुई थी। इसके बाद न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन में दूसरा टेस्ट जीता और अब तीसरे टेस्ट में शानदार जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *