Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में बढ़ी रात की सर्दी, सीकर रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग

जयपुर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राजस्थान में अक्टूबर के मध्य में ही सर्दी ने दस्तक दे दी है। मंगलवार रात राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। विशेष रूप से शेखावाटी इलाके में रात का तापमान 14 डिग्री से नीचे मापा गया, जिससे हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है।

सीकर मंगलवार को सबसे ठंडा रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रात में यहां हल्की सर्द हवा भी चली, जिससे मौसम ठंडा महसूस हुआ।

माैसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार नागौर में 14.9, पिलानी में 15.7, अजमेर और भीलवाड़ा में 16.4, टोंक-वनस्थली में 16.5, चित्तौड़गढ़ में 16.8, दौसा में 16.2, अलवर और उदयपुर में 17.4, जोधपुर में 17.6, चूरू में 17.5, जयपुर में 18.3 और कोटा में 18.8 डिग्री तापमान रहा। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में रातें अब ठंडी होने लगी हैं। राज्य में दिन के समय तेज धूप और हल्की गर्मी बनी हुई है, जबकि रात में ठंड बढ़ने लगी है। दिन का अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा जा रहा है। मंगलवार को बाड़मेर 36.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा जैसलमेर में 36, बीकानेर में 35.8, श्रीगंगानगर में 35.7, जोधपुर में 34.4 और पिलानी में 34.1 डिग्री तापमान रहा।

जयपुर में 30.4, अजमेर में 31.8, भीलवाड़ा में 31.9 और उदयपुर में 30.2 डिग्री तापमान के कारण यहां हल्की गर्माहट बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। रात में ठंडक धीरे-धीरे और बढ़ने की संभावना है, जबकि दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *