Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

निरंजनपुर मंडी होगी शिफ्ट, मुख्य सचिव ने नयी जगह तलाशने का दिया निर्देश

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार सचिवालय देहरादून में दो दिवसीय प्रशासनिक अधिकारी सम्मेलन को संबोधित करते मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन।

देहरादून, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को नयी जगह तलाशने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 जनवरी तक इसका शासनादेश जारी कर दिया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शहर के 6 जंक्शनों के सुधार के लिए 15 जनवरी तक शासनादेश जारी किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान के संबंध में संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून शहर का यातायात संकुलन कम करने के लिए लगातार नए कदम उठाने होंगे। उन्होंने आढ़त बाजार, इंदिरा मार्केट आदि विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। मुख्य सचिव ने शहर के भीड़-भाड़ वाले महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बनी पार्किंग के 100 प्रतिशत उपयोग नहीं होने पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब तक तैयार पार्किंग का 100 प्रतिशत उपयोग होना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर निगम द्वारा लागू की जा रही ऑन रोड पार्किंग को अन्य मार्गों में भी लागू किए जाने की बात कही, ताकि लोग अपने वाहनों को सड़कों के बजाय पार्किंग में लगाने के लिए प्रेरित हों।

मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को दिसम्बर माह में एसपीवी रजिस्टर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनवरी में पहली बोर्ड बैठक आयोजित कर ली जाए। उन्होंने आशारोड़ी में सीज वाहनों को रखने के लिए बनायी जा रही पार्किंग को शीघ्र शुरू किए जाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्होंने उम्टा (यूएमटीए) की ओर से तैयार मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउण्ड ट्रुथिंग भी कराए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि ये स्थल पार्किंग के लिए उपयुक्त पाए जाते हैं तो इनको तैयार किया जाए। उन्होंने परेड ग्राउण्ड में अंडरग्राउण्ड पार्किंग का फीजिबिलिटी परीक्षण शीघ्र कराए जाने की बात भी कही।

आनन्द बर्द्धन ने शहर के खम्बों में लटके अवैध तारों के जालों को शीघ्र हटाए जाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि शहर में जहां-जहां अंडरग्राउण्ड इलेक्ट्रिसिटी केबल का कार्य पूर्ण हो गया है, सड़कों को तत्काल दुरूस्त किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव अहमद इकबाल, विनीत कुमार, एमडीडीए वीसी बंशीधर तिवारी एवं एसपी देहरादून अजय सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

————————-

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *