Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
DELHI

भाजपा को संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा का नया आयाम देंगे नितिन नबीन: खंडेलवाल

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करते प्रवीण खंडेलवाल

नई दिल्‍ली, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद तथा कन्‍फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के पदारोहण पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उनकी भूमिका पार्टी संगठन को नई ऊर्जा, स्पष्ट दिशा और सशक्त नेतृत्व प्रदान करेगी।

खंडेलवाल ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा क‍ि नितिन नबीन एक जमीनी नेता, कुशल संगठनकर्ता और जनभावनाओं से गहराई से जुड़े हुए व्यक्तित्व हैं, जिनका अनुभव और कार्यशैली भाजपा को और अधिक मज़बूत बनाएगी। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, सबका साथ–सबका विकास–सबका विश्वास–सबका प्रयास के विज़न को संगठन के हर स्तर तक पहुंचाने में नितिन नबीन की भूमिका निर्णायक होगी।

कैट महामंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा और अधिक गतिशील, अनुशासित एवं परिणामोन्मुख बनेगा। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों और वंचित वर्गों से संवाद को और सशक्त करेंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका को और प्रभावी बनाएंगे।

खंडेलवाल ने यह भी कहा कि नितिन नबीन की कार्यशैली पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकर्ता-आधारित निर्णय प्रक्रिया को परिलक्षित करेगी जो प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन और भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के संकल्प के अनुरूप है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा न केवल संगठनात्मक रूप से और सुदृढ़ होगी, बल्कि देश की जनता के विश्वास को और मज़बूती प्रदान करते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को नई गति देगी।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *