Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

रेन बसेरों में किसी से भी कोई शुल्क न लिया जाए : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी निरीक्षण करते हुए
रेन बसेरा का निरीक्षण करते डीएम

हरिद्वार, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शीत लहर शुरू होते ही इससे प्रभावित होने वाले लोगों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयं धरातल पर उतरकर परिस्थितियों को जांचा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं गरीबों को कंबल वितरित किए और निर्धारित स्थानों पर अलाव जलाने के आदेश दिए।

जिलाधिकारी ने रोड़ीबेलवाला में बनाए गए रैन बसेरो का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह,उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार,उप नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल, तहसीलदार सचिन कुमार मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा रैन बसेरों में किसी भी व्यक्ति से किसी भी तरह का शुल्क न लिया जाए, साथ ही साफ-सफाई के साथ चादर व रजाई कवर आदि की समय-समय पर धुलाई हो और रजिस्टर में ठहरने वालों का पूर्ण विवरण दर्ज किया जाए।

उन्होंने शीत लहर के प्रकोप से गरीब, असहाय एवं श्रद्धालुओं को बचाने के लिए जनपद के महत्वपूर्ण चौराहों,स्थानों एवं घाटों में अलाव जलाने के लिए कहा। उन्होंने हर की पौड़ी क्षेत्र एवं शिव पुल से लेकर ओम पुल तक सभी घाटों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश नगर निगम को दिए ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान करने में कोई परेशानी एवं असुविधा न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सार्वजनिक शौचालयों में यूरिन के लिए शुल्क लिया जा रहा है एवं शुल्क लेने के बोर्ड भी लगाए गए है। उन्होंने तत्काल इन बोर्ड को हटवाया और निर्देश दिया कि किसी भी गरीब व्यक्तिय एवं श्रद्धालु से यूरिन के लिए कोई भी शुल्क न लिया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने असहाय गरीब व्यक्तियों व श्रद्धालुओं को कंबल भी वितरित किए। उन्होंने जनपद में शीत लहर से बचाने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में गरीब व्यक्तियों को कंबल वितरण कराने के निर्देश दिए।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *