Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
DELHI

अब सभी यूपीआई ऐप से भर सकेंगे ट्रैफिक चालान, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बीबीपीएस से जोड़ा सिस्टम

पुलिस का लाेगाे

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली वासियों की सुविधा बढ़ाने और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया। अब ट्रैफिक चालान का भुगतान भारत बिल भुगतान प्रणाली (बीबीपीएस) के माध्यम से सभी बीबीपीएस-सक्षम यूपीआई प्लेटफॉर्म पर किया जा सकेगा। इससे चालान भुगतान की प्रक्रिया और अधिक आसान, सुरक्षित और पारदर्शी हो जाएगी।

दिल्ली ट्रैफिक के एक अधिकारी ने मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया कि, इस पहल का उद्देश्य कैशलेस लेन-देन को बढ़ावा देना, नागरिकों की सहूलियत बढ़ाना और ट्रैफिक नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना है। नई व्यवस्था के तहत लोग किसी भी प्रमुख यूपीआई ऐप के जरिए घर बैठे ट्रैफिक चालान का भुगतान कर सकेंगे, जिससे नकद भुगतान और दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

एसबीआई के साथ एमओयू साइन

इस योजना को लागू करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक मुख्यालय) सत्यवीर कटारा ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बीबीपीएस प्लेटफॉर्म के साथ तकनीकी एकीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री किसी भी बीबीपीएस-सक्षम यूपीआई ऐप के जरिए ट्रैफिक चालान का भुगतान कर सकेंगे। इससे भुगतान तेजी से होगा, लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी और ट्रैफिक पुलिस के कामकाज में भी दक्षता आएगी। साथ ही, समय पर चालान भरने को लेकर लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह पहल केंद्र सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन के अनुरूप है। भविष्य में भी तकनीक आधारित उपायों को अपनाकर यातायात प्रबंधन को और आधुनिक बनाया जाएगा, ताकि सड़क सुरक्षा बेहतर हो और आम जनता को सुगम सेवाएं मिल सकें।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *