Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

एनएसएस की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण व पारिस्थितिकी प्रबंधन की बारीकियों को समझा

कार्यक्रम

ज्योतिर्मठ, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पीएमश्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ के एनएसएस के विशेष शिविर के चौथे दिन शिविरार्थी छात्राओं ने सोमवार को वन विभाग के अधिकारियों के साथ संवाद कर पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी प्रबंधन की बारीकियों को समझा।

नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने छात्राओं को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने ‘इको विकास समिति भ्यूंडार’ के गठन, उसकी कार्यप्रणाली और स्थानीय आजीविका व संरक्षण में इसकी भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किस प्रकार सामुदायिक भागीदारी से वनों और जैव विविधता को सुरक्षित रखा जा सकता है।

इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी सुमन ने भी छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए छात्राओं के जिज्ञासु प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें भविष्य में पर्यावरण प्रहरी के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को कम करने के उपायों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मानव-वन्यजीव सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए ‘क्या करें और क्या न करें’ विषय पर आधारित एक सूचनात्मक पोस्टर विद्यालय को भेंट किया गया। वन क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं को समझाया कि वन क्षेत्रों के समीप रहते हुए किन सावधानियों को बरतकर सुरक्षित रहा जा सकता है।

यह कार्यक्रम एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा फर्स्वाण तथा सुमित्रा राणा के समन्वय में संपन्न हुआ। वन विभाग के अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद से छात्राओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा होता है। कार्यक्रम में कॉलेज की पचास छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

(Udaipur Kiran) / प्रकाश कपरुवाण

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *