Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

ओमान और भारत आज करेंगे मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर, प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे मस्कट

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मस्कट पहुंचने पर ओमान के उप प्रधानमंत्री सैय्यद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने स्वागत किया। फोटो - प्रधानमंत्री मोदी के एक्स हैंडल से

मस्कट (ओमान), 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच चुके हैं। वह दो दिन रुकेंगे। इस दौरान ओमान के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में आज दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होंगे। बुधवार को मस्कट पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का होटल में भारतवंशियों ने जोरदार स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मस्कट पहुंचने पर यादगार पल अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा किए हैं। सनद रहे भारत और ओमान के बीच मुक्त व्यापार समझौते को पिछले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) के रूप में आधिकारिक तौर पर नामित इस समझौते के लिए वार्ता नवंबर 2023 में औपचारिक रूप से शुरू हुई थी। अंतिम बातचीत इस वर्ष पूरी हुई। प्रधानमंत्री मोदी ओमान में सुल्तान तारिक के साथ चर्चा करेंगे। वह प्रवासी भारतीयों की सभा को भी संबोधित करेंगे।

मस्कट पहुंचने पर हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का ओमान के उप प्रधानमंत्री सैय्यद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मोदी सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर ओमान पहुंचे हैं। खाड़ी देश की यह उनकी दूसरी यात्रा है। साथ ही भारत-ओमान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, ”मस्कट एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत के लिए ओमान के उप प्रधानमंत्री (रक्षा मामलों) सैय्यद शिहाब बिन तारिक अल सईद का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमारी बहुत अच्छी बातचीत भी हुई, जिसमें हमने भारत-ओमान दोस्ती पर अपने विचार साझा किए।” प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन और इथियोपिया की सफल यात्रा पूरी करने के बाद ओमान पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक संदेश में दोनों देशों के बीच स्थायी संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, मस्कट, ओमान में उतरा। यह भारत के साथ स्थायी दोस्ती और गहरे ऐतिहासिक संबंधों की भूमि है। यह यात्रा सहयोग के नए रास्ते तलाशने और हमारी साझेदारी को नई गति देने का अवसर प्रदान करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ओमान में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। यहाँ भारतीय समुदाय का प्यार और उत्साह भारत और ओमान के बीच लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को सच में दिखाता है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *