Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजधानी में 500 से अधिक स्थानों पर नववर्ष की पूर्व संध्या पर पिलाया जाएगा एक लाख लीटर दूध

राजधानी में 500 से अधिक स्थानों पर पिलाया जाएगा एक लाख लीटर दूध

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नववर्ष-2026 की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर को राजधानी में पांच सौ अधिक स्थानों पर दूध महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। राजधानी के हर प्रमुख चौराहे, मंदिर और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शाम ढलते ही गुनगुना मीठा दूध पिलाया जाएगा। कहीं दूध के साथ गर्मागर्म जलेबी या हलवा खिलाया जाएगा।

मुख्य आयोजन इंडियन अस्थमा केयर सोसायटी एवं राजस्थान युवा छात्र संस्था के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर शाम 6 बजे से दूध महोत्सव का शुभारंभ होगा। यहां दूध पिलाने के साथ युवाओं को नशा छोडऩे की शपथ भी दिलाई जाएगी। इंडियन अस्थमा केयर सोसायटी के सचिव धर्मवीर कटेवा ने बताया कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए 23 वर्ष पूर्व राजस्थान विश्वविद्यालय के बाहर दूध पिलाने की मुहीम शुरू की, आज वह पौष बड़ा महोत्सव की तरह व्यापक हो गई है। यह अच्छा संकेत है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर आज दूध महोत्सव प्रदेश के विभिन्न शहरों में मनाया जाने लगा है। सम्पूर्ण राजस्थान में 2000 से अधिक स्थानों पर दूध पिलाया जाता है। अनुमान है कि 10 लाख से अधिक लोग दूध पीकर नववर्ष का स्वागत करेंगे। जयपुर शहर में ही 500 से अधिक स्थानों पर दूध वितरण किया जाएगा। सरस डेयरी और लोटस डेयरी की ओर से विभिन्न स्थानों पर गुनगुना दूध निशुल्क पहुंचाया जाएगा।

सांगानेर में पिलाएंगे पचास हजार को दूध

इसी कड़ी में सांगानेर में अनेक स्थानों पर दूध पिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण भाजपा और भाजपा की विचारधारा के संगठनों की ओर से बड़े स्तर पर दूध पिलाने के कार्यक्रम होंगे। कांग्रेस नेता पुष्पेन्द्र भारद्वाज के नेतृत्व में भी विभिन्न स्थानों पर आमजन को दूध पिलाया जाएगा। इस वर्ष लगभग 50 हजार से अधिक लोगों को दूध पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य कार्यक्रम सांगानेर कस्बे के सीटीएस बस स्टैंड पर होगा। विधानी, इंडिया गेट, कल्याणपुरा के तेजाजी मंदिर, थड़ी मार्केट, रीको कांटा, भांकरोटा, जेडीए कॉलोनी, गोविंदपुरा में भी दूध महोत्सव मनाया जाएगा।

यहां भी बहेगी दूध की धार

राजस्थान जाट महासभा की ओर से मानसरोवर स्थित केसर नगर चौराहे पर दुग्ध वितरण कार्यक्रम होगा। वहीं अग्रवाल समाज, मालवीय नगर की ओर से अग्रसेन भवन में रात 8 बजे से दुग्ध महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राजापार्क, छोटी चौपड़, ब्रह्मपुरी सहित अनेक स्थानों पर विभिन्न संगठनों की ओर से दूध वितरण के कार्यक्रम होंगे। विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से सीकर रोड सहित 35 स्थानों पर नि:शुल्क दूध पिलाया जाएगा। मुरलीपुरा स्कीम सर्किल पर भी दूध पिलाया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *