Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन

जयपुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य सरकार के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजन इंडिया स्टोनमार्ट 2026 की तैयारियों को लेकर सचिवालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने की।

बैठक में आयोजन से जुड़े सभी विभागों एवं आयोजक संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए तैयारियों की प्रगति, विभागीय दायित्वों और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में अवगत कराया गया कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन जयपुर स्थित जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में प्रस्तावित है। यह आयोजन राज्य के स्टोन, माइनिंग, मशीनरी, उपकरण, हस्तशिल्प एवं संबंधित उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, जिससे प्रदेश के औद्योगिक, निर्यात एवं निवेश परिवेश को नई गति मिलेगी।

समीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस प्रोटोकॉल, आवास व्यवस्था, मोबाइल एवं वाई-फाई सुविधा, बिजली आपूर्ति, चिकित्सा सेवाएं, शिल्पग्राम की स्थापना, पर्यटन प्रचार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, खनन उद्योगों की भागीदारी तथा आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियां समन्वित, समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं। प्रत्येक विभाग को आयोजन से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यटन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगरीय विकास एवं आवासन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, सामान्य प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही रीको, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड सहित अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

आयोजक संस्थाओं की ओर से सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स (सीडीओएस) एवं लघु उद्योग भारती की टीम ने भी बैठक में सहभागिता की। आयोजक संस्थाओं की ओर से सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स (सीडीओएस) की तरफ से दीपक अजमेरा, उपाध्यक्ष; मुकुल रस्तोगी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी; तथा विवेक जैन, अतिरिक्त महाप्रबंधक बैठक में उपस्थित रहे।

वहीं लघु उद्योग भारती की ओर से नरेश पारिक, राष्ट्रीय सह महामंत्री; अंजू सिंह, राष्ट्रीय सचिव; तथा नवरत्नलाल अजमेरा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं स्टोनमार्ट संयोजक ने बैठक में भाग लिया।

बैठक के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि सभी विभागों एवं आयोजक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से इंडिया स्टोनमार्ट 2026 को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सफल, प्रभावशाली और प्रतिष्ठित आयोजन के रूप में स्थापित किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *