Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस में ओटीपी आधारित तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली लागू

कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस में ओटीपी आधारित तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली लागू

काेटा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । यात्रियों को तत्काल टिकट बुकिंग में अधिक सुरक्षा, पारदर्शिता एवं सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा चयनित ट्रेनों में ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण व्यवस्था लागू की जा रही है। यह व्यवस्था शताब्दी एवं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में पूर्व से ही सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है।

इसी क्रम में कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली गाड़ी संख्या 14814 भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस में भी गुरुवार से आरक्षण काउंटरों पर ओटीपी आधारित तत्काल टिकट बुकिंग प्रणाली लागू कर दी गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि संशोधित व्यवस्था के अंतर्गत तत्काल टिकट अब आईआरसीटीसी वेबसाइट/मोबाइल ऐप के साथ-साथ कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण काउंटरों से भी केवल ओटीपी सत्यापन के पश्चात ही जारी किए जाएंगे।

बुकिंग प्रक्रिया के दौरान प्रणाली द्वारा एक-बारगी पासवर्ड (ओटीपी) जनरेट किया जाएगा, जो यात्री द्वारा दर्ज किए गए मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। ओटीपी की सफल वैधता के बाद ही तत्काल टिकट निर्गत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य फर्जी एवं अवैध बुकिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, पारदर्शिता बढ़ाना तथा वास्तविक यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम सेवा प्रदान करना है।

पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल यात्रियों से अपील करता है कि तत्काल टिकट बुकिंग के समय अपना वैध एवं सक्रिय मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करें, ताकि ओटीपी सत्यापन के पश्चात टिकट निर्गमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *