Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

हमारी सरकार ने समृद्ध एवं विकसित राजस्थान की रखी सशक्त बुनियाद : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

हमारी सरकार ने समृद्ध एवं विकसित राजस्थान की रखी सशक्त बुनियाद : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

बीकानेर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार गरीब को गणेश मानकर सेवक के रूप में कार्य कर रही है। हमारा नैतिक दायित्व है कि हम सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखें। हमारी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बजट दिया और हर विधानसभा क्षेत्र में विकास रथ के माध्यम से विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता तक पहुंचा रही है।

शर्मा मंगलवार को बीकानेर केे लूणकरणसर में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर एवं बीकानेर जिले के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दो वर्षों में प्रदेश में सुशासन, जनकल्याण और चहुंमुखी विकास के लिए ऐसे अभूतपूर्व कदम उठाए हैं, जो ऐतिहासिक होने के साथ ही समृद्ध एवं विकसित राजस्थान की एक सशक्त बुनियाद भी हैं।

शर्मा ने कहा कि जनसेवा के भाव के साथ ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से प्रदेश भर में एक महीने तक ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया था। इन शिविरों में प्रशासन को आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए उनके द्वार तक लाया जा रहा है। शहरी शिविरों के जरिए जन्म, मृत्यु, विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और सीवर कनेक्शन से जुडे़ कार्यों से लेकर आवास पट्टे, नामांतरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने संबंधी कार्य भी करवाए जा रहे हैं। वहीं, ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों में सहमति विभाजन, नामांतरण एवं रास्ते खुलवाने जैसे कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि आमजन इन शिविरों का पूरा लाभ उठाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने किसान, युवा, महिला और गरीब के उत्थान के लिए कई कदम उठाए हैं। हमने किसानों के लिए सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है तथा चरणबद्ध रूप से इसे 12 हजार रुपये किया जाएगा। इसी तरह हमारी सरकार ने इन दो वर्षों में युवाओं के लिए सरकारी सेवाओं में अवसर बढ़ाते हुए लगभग 92 हजार नियुक्तियां प्रदान की है तथा 1 लाख 56 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन है। वहीं, प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाने से लेकर 10 लाख 51 हजार साइकिलें और करीब 40 हजार स्कूटियां वितरण एवं लाडो प्रोत्साहन योजना की पहली किस्त से 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को लाभांवित करने का काम किया गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होने के साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ढांचा भी सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में लगभग 50 हजार पदों पर नई भर्तियों की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि मा योजना में 25 लाख रुपए का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है और अब राज्य के नागरिक अन्य राज्यों में भी मा योजना के अंतर्गत कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकेंगे। श्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि लूणकरणसर में प्रस्तावित नवीन चिकित्सालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शर्मा ने 612 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं 107 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने बीकानेर की जिला विकास पुस्तिका, ग्रामीण सेवा शिविर की सफलता की कहानी तथा ‘शहरी सेवा शिविर-2025 पुस्तिका का विमोचन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने समस्या समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए दिव्यागजन को स्कूटी एवं महिलाओं को सौर चूल्हे का वितरण किया। साथ ही, उन्होंने जिला विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर विधायक सिद्धि कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, जेठानंद व्यास, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, सहित विभिन्न जन प्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *