Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

उदयपुर की कुंवारी माइंस में पानी में डूबने से 4 नाबालिगों की दर्दनाक मौत

उदयपुर, 24 अगस्त (Kiran News)। राजस्थान के उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र के गुपड़ी ग्राम पंचायत के मंदेरिया गांव स्थित कुंवारी माइंस में रविवार को बारिश का पानी भर जाने से चार नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन बालक और एक बालिका शामिल है। सभी बच्चे बकरियां चराते हुए नहाने के लिए माइंस में गए थे, जहां पानी की गहराई में चले जाने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

डबोक थाना

डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि मकेरिया गमेती बस्ती के लक्ष्मी (14) पुत्री वरदी चंद गमेती, भावेश (13) पुत्र पप्पू लाल गमेती, राहुल (10) पुत्र गोपीलाल गमेती और शंकर (11) पुत्र रमेश गमेती की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजन माइंस मालिक को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे थे, लेकिन पुलिस ने समझाइश कर शवों को मुर्दाघर भिजवाया।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने माइंस मालिक को बुलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया। परिजन बच्चों के शव लेकर घटनास्थल पर ही बैठे रहे। माइंस की ओर से प्रत्येक मृतक परिवार को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही गई, लेकिन ग्रामीण व परिजन इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 10 लाख रुपए से अधिक मुआवजे की मांग रखी। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में माइंस प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *