Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

उज्जैन में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत : तीन दिन पहले लापता युवती की मौत के बाद युवक ने भी तोड़ा दम

उज्जैन, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक दर्दनाक प्रेम प्रसंग ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। तीन दिन पहले विजयगंज मंडी से लापता हुई युवती की मौत के बाद सोमवार को युवक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों के बीच गहरी मित्रता थी, लेकिन घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। परिजनों के विरोध से आहत होकर दोनों ने घर छोड़ दिया और जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की।

माधवनगर थाना पुलिस के अनुसार, विजयगंज मंडी निवासी सावन नाथ (21) पुत्र मांगीलाल नाथ और कैलाश नाथ की पुत्री निशा (काल्पनिक नाम) तीन दिन पहले घर से भागकर कायथा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ग्राम लक्ष्मीपुरा के समीप दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। जहर खाने के बाद सावन ने अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही परिजन दोनों की तलाश में लक्ष्मीपुरा पहुंचे, जहां वे अचेत अवस्था में पड़े मिले।

दोनों को तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज का खर्च अधिक होने के कारण निशा को शुक्रवार को दोबारा चरक अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर सावन को निजी अस्पताल में ही रखा गया था, लेकिन सोमवार सुबह उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सावन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सावन का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व हो चुका था। इसके बावजूद उसकी निशा से मित्रता हो गई थी। जब परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी लगी, तो उन्होंने इसका विरोध किया। विरोध और सामाजिक दबाव के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। माधवनगर थाना पुलिस ने दोनों मौतों के मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, दोनों के परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *