Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WORLD

पाकिस्तान और अफगानिस्तान युद्ध विराम पर सहमत, दोहा में हुई उच्चस्तरीय वार्ता

दोहा में पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच शांति वार्ता
दोहा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शांति वार्ता को लेकर कतर ने बयान जारी किया

दोहा, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कतर की राजधानी दोहा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हुई एक उच्चस्तरीय वार्ता में तत्काल प्रभाव से संघर्ष विराम को लेकर सहमति बनी है। संघर्ष विराम के प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा के लिए दोनों देशों के प्रतिनिधि अगले चरण में दोहा और इस्लामाबाद में बैठक करेंगे। दोनों देशों के बीच सीमा पर पिछले एक पखवाड़े से चल रहा टकराव लगातार गंभीर रूप ले रहा था जिसमें दोनों तरफ से सैन्यकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों की भी मौत हुई।

कतर के विदेश मंत्रालय की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान के मुताबिक उसके और तुर्की की मध्यस्थता में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच दोहा में हुई उच्चस्तरीय वार्ता में दोनों देश तत्काल संघर्ष विराम पर सहमत हुए हैं। कतर ने उम्मीद जताई है कि यह समझौता पाकिस्तान–अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को कम कर क्षेत्रीय स्थिरता स्थापित करेगा।

दोहा में हुई इस बातचीत में दोनों देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। गल्फ न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ से रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ और खुफ़िया प्रमुख जनरल असीम मलिक ने हिस्सा लिया। अफगान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक रक्षा मंत्री मुल्ला मुहम्मद याकूब के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल इस बातचीत में शामिल हुआ जिसमें खुफिया प्रमुख अब्दुल हक वकीक भी शामिल हुए।

वार्ता से पहले पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि अफगानिस्तान से सीमा पार आतंकवाद समाप्त करने और सीमा पर शांति और स्थिरता की बहाली के उपाय किए जाने पर यह बातचीत केंद्रित होगी। बयान में कतर की मध्यस्थता पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई गई कि ये चर्चाएँ क्षेत्र में शांति और स्थिरता हासिल करने में योगदान देंगी।

दोनों देशों के बीच पिछले करीब एक पखवाड़े से चला आ रहा टकराव उस समय भीषण रूप लेता जा रहा था जब संघर्ष विराम के बीच एक हवाई हमले में अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई। अफ़गानिस्तान सरकार का दावा था कि पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए आम लोगों को निशाना बनाया है। जबकि पाकिस्तान ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय आतंकी शिविरों को निशाना बनाया। —————

(Udaipur Kiran) पाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *