पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर हवाई क्षेत्र प्रतिबंध 23 जनवरी तक बढ़ाया

इस्लामाबाद, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण (पीपीए) ने बुधवार को भारतीय विमानों पर हवाई क्षेत्र प्रतिबंध को 23 जनवरी तक बढ़ा दिया। यह विस्तार पिछले प्रतिबंध के 24 दिसंबर को खत्म होने से एक हफ्ते पहले किया गया है। प्राधिकरण ने इसकी अधिसूचना आज जारी की।
डान अखबार की रिपोर्ट के अनुसार प्राधिकरण ने अधिसूचना में कहा, पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र 23 जनवरी तक भारत में पंजीकृत विमानों के लिए बंद रहेगा। इनमें भारतीय एयरलाइंस के सभी स्वामित्व वाले, संचालित या लीज पर लिए गए विमान और भारतीय सैन्य उड़ानें शामिल हैं।
साल 2022 के प्राधिकरण के एक दस्तावेज के अनुसार पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र कराची और लाहौर में बंटा हुआ है। यह नोटम कराची और लाहौर दोनों पर लागू होता है। इस साल अप्रैल में भारत के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। पहलगाम में 26 लोगों के नरसंहार के बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें हवाई क्षेत्र प्रतिबंध भी शामिल है।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद



