Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

पलवल एसटीएफ के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी एटीएम कटर, साथी सहित गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में ATM काटने वाली गैंग का सरगना और उसका साथी।

पलवल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । एटीएम काटकर लाखों रुपये की चोरी करने वाली गैंग के खिलाफ पलवल एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य सरगना समेत दो फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के पास से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

एसटीएफ पलवल प्रभारी अनिल छिल्लर ने रविरार को बताया कि 20 दिसंबर को नूंह जिले के रायपुरी गांव निवासी नियामत उर्फ घोड़ा और रणवीर उर्फ राणा को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपित एटीएम कटर गैंग से जुड़े हुए हैं। बरामद हथियारों को लेकर नूंह के आकेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बताया गया कि 25 नवंबर की रात दोनों आरोपिताें ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक एटीएम मशीन को काटकर करीब 6 लाख 92 हजार 600 रुपये चोरी किए थे। इस वारदात के बाद मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज किया गया था और तभी से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि नियामत उर्फ घोड़ा एटीएम कटर गिरोह का मुख्य सरगना है। उसकी गिरफ्तारी पर मुरादाबाद के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुरादाबाद पुलिस और एसटीएफ की टीमें लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।

एसटीएफ प्रभारी अनिल छिल्लर के अनुसार, रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि दोनों आरोपित शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ कई राज्यों में संगीन मामले दर्ज हैं।

नियामत उर्फ घोड़ा के खिलाफ पलवल के चांदहट में एक, फरीदाबाद में तीन, नूंह में तीन, गुरुग्राम में एक, राजस्थान के अलवर में एक, दिल्ली स्पेशल सेल में एक और मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना में एक मामला दर्ज है।

वहीं रणवीर उर्फ राणा के खिलाफ पलवल के कैंप थाना में एक, शहर थाना में एक, राजस्थान के झुंझुनूं जिले में छह, तिजारा में एक और मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना में एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।

एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को संबंधित थाना पुलिस के हवाले कर दिया है, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *