
लखनऊ,04 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . भारत विकास परिषद अवध प्रान्त की ओर से लखनऊ के सिंधु नगर स्थित सुमतिनाथ सेवा भवन में पंच सूत्रीय कथा महोत्सव का शुभारम्भ 05 दिसम्बर से होगा. इस पांच दिवसीय महोत्सव में हर दिन अलग—अलग विषयों पर अलग—अलग कथाकार कथा सुनायेंगे. कथा 05 दिसम्बर से 09 दिसम्बर तक होगी. यह जानकारी भारत विकास परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री विक्रान्त खण्डेलवाल ने दी. वह गुरूवार को विश्व संवाद केन्द्र में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे. विक्रान्त खण्डेलवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पर्यावरण,स्वदेशी,सामाजिक समरसता,परिवार प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य को केन्द्र में रखकर इस कथा महोत्सव का आयोजन किया गया है. कथा प्रवचनों के साथ—साथ हर दिन यज्ञ और समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही विभूतियों तथा संस्थाओं का नागरिक अभिनंदन किया जायेगा. सुधीरानन्द महाराज ने बताया कि प्रथम दिन अशोक महाराज कथा के माध्यम से पाैधरोपण,जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त अभियान के बारे में बतायेंगे. दूसरे दिन हमारी स्वदेशी पर कथा है. तीसरे दिन सामाजिक समरसता पर संजीव कृष्ण ठाकुर कथा कहेंगे. चौथे दिन नंदलाल परिवार प्रबोधन पर कथा कहेंगे. वहीं पांचवें दिन कौशिक चैतन्य महाराज नागरिक कर्तत्व पर कथा कहेंगे.
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
