बालिचक स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुआ यात्री


पश्चिम मेदिनीपुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम मेदिनीपुर के बालिचक रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, व्यक्ति चार नंबर प्लेटफॉर्म पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग घबरा उठे।
हादसे के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म पर तैनात रेल सुरक्षा बल के जवान और ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिना देर किए घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद सभी की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया घायल व्यक्ति बालीचक का निवासी है ।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि चलती ट्रेन से उतरना या चढ़ना अत्यंत जोखिम भरा होता है और ऐसे हादसे अक्सर जानलेवा साबित होते हैं। उन्होंने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें या उतरें।
—————
(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता



