Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

पैट कमिंस, हेज़लवुड और टिम डेविड को मिल सकती है टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस

मेलबर्न, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस, तेज गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड और विस्फोटक बल्लेबाज़ टिम डेविड को चोट की चिंताओं के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप की अस्थायी टीम में शामिल किया जाना तय माना जा रहा है। हालांकि, कमिंस के वर्ल्ड कप खेलने को लेकर अंतिम फैसला अभी बाकी है।

पैट कमिंस जुलाई में पीठ (लंबर स्ट्रेस) की चोट से जूझने के बाद से अब तक सिर्फ एक ही अंतरराष्ट्रीय मैच खेल पाए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में शानदार गेंदबाज़ी की थी, लेकिन इसके तुरंत बाद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें एहतियातन पूरी सीरीज़ से बाहर कर दिया। टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बताया कि कमिंस को 15 सदस्यीय अस्थायी स्क्वॉड में नामित किया जाएगा, जिसकी घोषणा आईसीसी की 2 जनवरी की डेडलाइन से पहले होगी। हालांकि, उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला वर्ल्ड कप के करीब लिया जाएगा। कमिंस की चार हफ्तों बाद एक और स्कैन होगी, जिसके बाद उनकी उपलब्धता स्पष्ट होगी।

मैकडोनाल्ड ने एक बयान में कहा,

“पैट की चार हफ्ते बाद स्कैन होगी, जिससे हमें वर्ल्ड कप को लेकर उनकी स्थिति की साफ जानकारी मिलेगी। उन्हें स्क्वॉड में शामिल किया जाएगा और फिर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया जाएगा।”

गौरतलब है कि कमिंस ने कैरेबियन में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद से कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

वहीं, जोश हेज़लवुड के फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने इस सीज़न भारत के खिलाफ टी20 सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया था, हालांकि हैमस्ट्रिंग और अकिलीज़ की चोटों के चलते वह पूरी एशेज़ सीरीज़ नहीं खेल पाए थे। मैकडोनाल्ड के मुताबिक, हेज़लवुड दोबारा गेंदबाज़ी शुरू कर चुके हैं और तय समय में फिट हो सकते हैं।

मिडिल ऑर्डर के अहम बल्लेबाज़ टिम डेविड भी चोट की वजह से चिंता का विषय बने हुए हैं। बॉक्सिंग डे पर बिग बैश लीग (BBL) के दौरान उनके हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था और सोमवार को उनका स्कैन होना था। हालांकि, यह चोट आईपीएल में लगी पिछली हैमस्ट्रिंग चोट से अलग बताई जा रही है, जिसकी वजह से वह दो महीने बाहर रहे थे।

कोच मैकडोनाल्ड ने टिम डेविड को लेकर भरोसा जताते हुए कहा,

“हमें स्कैन के बाद ही पता चलेगा कि यह मांसपेशी की चोट है या टेंडन की। लेकिन जो भी हो, टाइमफ्रेम टिम के लिए अनुकूल रहेगा और वह वर्ल्ड कप के लिए उपलब्ध रहेंगे।”

ऑस्ट्रेलिया अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप मैच 11 फरवरी को खेलेगा। ग्रुप चरण में उसके शुरुआती दो मुकाबले आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ हैं। श्रीलंका से उसका सामना 16 फरवरी को होगा, जिससे टिम डेविड को अतिरिक्त समय भी मिल सकता है।

अस्थायी स्क्वॉड में बिग बैश लीग के प्रदर्शन या अन्य चोटों के आधार पर बदलाव भी संभव हैं। वर्ल्ड कप शुरू होने से ठीक पहले टीम को फाइनल रूप दिया जाएगा।

वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम जनवरी के अंत में पाकिस्तान दौरे पर तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। इस शेड्यूल के चलते वर्ल्ड कप टीम में शामिल खिलाड़ी बिग बैश लीग के फाइनल मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *