Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

जयपुर में फुलेरा थानाधिकारी और दलाल 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी जयपुर ग्रामीण इकाई ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना फुलेरा के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक चंद्र प्रकाश यादव और प्राइवेट दलाल हैप्पी माथुर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

Jaipur ACB Trap

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली थी कि परिवादी के भाई के खिलाफ साइबर क्राइम शिकायत में गिरफ्तारी से बचाने और मामला रफा-दफा करने के लिए थाना फुलेरा के थानाधिकारी चंद्र प्रकाश यादव द्वारा अपने दलाल हैप्पी माथुर (सीएलजी मेंबर एवं मोबाइल शॉप मालिक) के माध्यम से 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिहाग के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक राजकुमार शर्मा की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने बुधवार को फुलेरा में थानाधिकारी चंद्र प्रकाश यादव और दलाल हैप्पी माथुर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

गौरतलब है कि दलाल हैप्पी माथुर पहले ही 20 हजार रुपये की रिश्वत वसूल कर चुका था।

फिलहाल एसीबी की टीम उप महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *