Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

पीकेएल-12 : यूपी योद्धाज की धमाकेदार वापसी, तमिल थलाइवाज को 39-22 से हराया

जयपुर, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन-12 के 46वें मुकाबले में यूपी योद्धाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तमिल थलाइवाज को 17 अंकों के बड़े अंतर से 39-22 से हराया। लगातार चार हार झेल चुकी यूपी ने आखिरकार जीत की पटरी पकड़ ली और सीज़न की अपनी तीसरी जीत दर्ज की। वहीं, थलाइवाज को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

यूपी की जीत में उसके डिफेंस (15 पॉइंट) का बड़ा योगदान रहा, जिसका नेतृत्व कप्तान सुमित सांगवान ने हाई-5 के साथ किया। रेड में गगन गौड़ा (7), भवानी राजपूत (6) और शिवम चौधरी (5) ने उम्दा खेल दिखाया। थलाइवाज के लिए नितेश (7 अंक) ही एकमात्र उम्मीद बने, जबकि कप्तान अर्जुन देसवाल (2 अंक) पूरी तरह नाकाम रहे।

मैच की शुरुआत में दोनों टीमें कड़ी टक्कर में रहीं और 10वें मिनट तक स्कोर 7-7 रहा। इसके बाद यूपी ने लगातार अंक जुटाते हुए बढ़त बनाई और पहले हाफ में ही थलाइवाज को आलआउट कर 20-13 की मजबूत बढ़त ले ली। दूसरे हाफ में भी यूपी का डिफेंस और रेडर्स पूरी तरह हावी रहे। गगन, शिवम और भवानी ने लगातार अंक जुटाए, जबकि डिफेंस ने देसवाल और कंडोला जैसे खिलाड़ियों को बार-बार आउट किया।

थलाइवाज ने वापसी की कोशिश की, लेकिन बड़े अंतर के कारण उनकी मेहनत बेकार गई और आखिरकार यूपी ने मुकाबला 39-22 से अपने नाम कर लिया। इस जीत से यूपी योद्धाज का मनोबल ऊंचा होगा, जबकि तमिल थलाइवाज को अपनी रणनीति पर फिर से काम करने की जरूरत होगी।

——————–

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *