Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

एमजेपीआर विश्वविद्यालय में 50वीं अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियाें ने जीते पदक

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी मैदान में अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी मैदान में अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए।
मुख्य अतिथि प्रो. के. पी. सिंह एवं विशिष्ट अतिथि श्री राणा द्वारा प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए।
मुख्य अतिथि प्रो. के. पी. सिंह एवं विशिष्ट अतिथि श्री राणा द्वारा प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए।

बरेली, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के 50वें स्वर्णिम वर्ष के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार काे 50वीं अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इरम नईम ने किया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. के. पी. सिंह और विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री राणा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए गुब्बारे और कबूतर उड़ाए।

उद्घाटन समारोह में आयोजित मार्च-पास्ट में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया, जिनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी भी शामिल थे। इस अवसर पर कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें कुल 56 खिलाड़ियों को चेक प्रदान किए गए। स्वर्ण पदक विजेताओं को 51,000, रजत पदक विजेताओं को 31,000 और कांस्य पदक विजेताओं को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। कुल 25 लाख रुपये का वितरण किया गया।

क्रीड़ा सचिव प्रो. एस. एस. बेदी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 32 टीमों के लगभग 250 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए अपने प्रदर्शन से महाविद्यालय और स्वयं का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा, “खेल का मैदान जीवन का छोटा रूप है—जो हार नहीं मानता वही जीवन में आगे बढ़ता है।”

विश्वविद्यालय ने इस वर्ष खिलाड़ियों के लिए बहुउद्देशीय खेल मैदान का निर्माण कराया है, जिसमें हॉकी, क्रिकेट और फुटबॉल जैसी खेल सुविधाएँ उपलब्ध हैं। प्रशिक्षकों की नियुक्ति से उच्चस्तरीय प्रशिक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

आज संपन्न 10000 मीटर महिला दौड़ में ललिता (राजकीय महाविद्यालय फरीदपुर), आशा देवी (आर्य महिला कॉलेज, शाहजहांपुर) और सीटू गंगवार (उपाधि महाविद्यालय, पीलीभीत) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष दौड़ में गौरव (एस एस कॉलेज, शाहजहांपुर) ने प्रथम, प्रशांत चौधरी (आर्य खजानों देवी, बिजनौर) ने द्वितीय और आशीष (जे एस कॉलेज, बदायूं) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता 21 दिसंबर तक चलेगी, जिसमें मैराथन और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / देश दीपक गंगवार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *