Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

क्वेटा में पुलिस और सीटीडी का वकील के घर छापा, भाई को उठा ले गए, बार एसोसिएशन ने दी सरकार को चेतावनी

क्वेटा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कारी रहमतुल्लाह पत्रकारों को संबोधित करते। फोटो - द बलोचिस्तान पोस्ट

क्वेटा (बलोचिस्तान) पाकिस्तान, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बलोचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पुलिस और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) की ज्यादती के खिलाफ वकील आंदोलन पर उतर आए हैं। क्वेटा बार एसोसिएशन ने सरकार को चेतावनी देते हुए वकील फरहान सासोली के घर से उनके भाई को उठा ले जाने के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है।

द बलोचिस्तान पोस्ट (पश्तो भाषा) की रिपोर्ट के अनुसार, क्वेटा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कारी रहमतुल्लाह एडवोकेट ने वकील फरहान सासोली के घर पर पुलिस और सीटीडी के छापे को असंवैधानिक बताते हुए उनके भाई नौमान को उठा ले जाने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि बार ऐसी घटनाओं को स्वीकार नहीं करेगा। अदालतों का शांतिपूर्ण तरीके से बहिष्कार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने यह बात क्वेटा कचहरी के बार रूम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि यह सीधे-सीधे अपहरण की घटना है। उन्होंने कहा कि जैसे ही हमें इसकी जानकारी मिली, हमने अदालतों का बहिष्कार कर दिया। जब तक उनके भाई को छोड़ा नहीं जाता तब तक अदालतों का बहिष्कार जारी रहेगा। कारी ने कहा कि पूरे बलूचिस्तान में अदालतों का बहिष्कार करने की रणनीति तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक की तरह विरोध प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है। जहां भी मानवाधिकारों का उल्लंघन होगा, हम आवाज बुलंद करेंगे। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट खुफिया और आतंकवाद विरोधी विभाग है। यह मुल्क की प्रांतीय पुलिस सेवाओं का हिस्सा है। इसका गठन विभिन्न प्रकार के आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए किया गया है। यह विभाग आतंकवाद विरोधी अभियानों का संचालन करता है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *