नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मीरजापुर, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । थाना अदलहाट क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पीड़िता द्वारा 5 दिसंबर को थाना अदलहाट पर लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि नामजद आरोपी ने उसे खाने में नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया, घटना का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना अदलहाट पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सोमवार को उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार यादव थाना चुनार पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर राबर्ट्सगंज तिराहे से थाना अदलहाट में पंजीकृत मुकदमे से संबंधित आरोपित ऋषभ अहीर पुत्र प्यारेलाल निवासी नया फला थाना कुपड़ा जनपद बांसवाड़ा, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा



