Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

फरीदाबाद में 50 ठिकानों पर पुलिस का छापा, नौ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपी।

फरीदाबाद, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पुलिस ने अवैध शराब, मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिलेभर में 50 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 62 पेटी शराब (744 बोतल), 4 किलो 474 ग्राम गांजा, 3 देसी तमंचे और 2 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात थाना कोतवाली की टीम ने सूचना के आधार पर नीलम गोल चक्कर के पास कार्रवाई करते हुए विशाल और तरुण, निवासी संजय कॉलोनी को एक होंडा सिटी कार सहित काबू किया। तलाशी के दौरान कार से 45 पेटी देसी शराब, 15 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसी क्रम में थाना मुजेसर की टीम ने मोनू, निवासी संजय कॉलोनी, को 52 पव्वे देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया, जबकि थाना बीपीटीपी की टीम ने गोलू, निवासी बेगूसराय बिहार (हाल किरायेदार गांव बडोली) को 52 पव्वे देसी शराब सहित काबू किया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने रोहित, निवासी गांव बाजौत जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) को सेक्टर-29 बाईपास रोड से 4 किलो 58 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कोसीकलां से गांजा लाकर फरीदाबाद में बेचने के लिए आया था। इसके अलावा क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने मिंटू, निवासी लखीसराय बिहार (हाल किराएदार विष्णु कॉलोनी, बल्लभगढ़) को सब्जी मंडी बल्लभगढ़ से 416 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कदम उठाए। अपराध शाखा सेक्टर-58 की टीम ने यश कुमार, निवासी मोहना रोड बल्लभगढ़, को एक देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया। क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने कमल, निवासी तीन नंबर पहाड़ी थाना डबुआ को एयरफोर्स ग्राउंड पार्क एसजीएम नगर से एक देसी कट्टा सहित पकड़ा। वहीं अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने पवन, निवासी एसी नगर फरीदाबाद को मैन मथुरा रोड से एक देसी कट्टा और 2 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पवन पर मथुरा (उत्तर प्रदेश) और फरीदाबाद में गैंगस्टर एक्ट, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन हॉटस्पॉट ट्रैक डाउन के तहत की गई है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत पिछले 17 दिनों में करीब 800 ठिकानों पर छापेमारी कर 126 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 17 किलो 873 ग्राम गांजा, 18.4 ग्राम स्मैक, 1626 बोतल अवैध शराब, 26 देसी कट्टा, 4 पिस्टल, 8 कारतूस और जुआ-सट्टा से जुड़े 14,210 रुपए नकद बरामद किए हैं।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *