सोनीपत में अलग-अलग स्थानों से दो युवतियां लापता, पुलिस तलाश जुटी

सोनीपत, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सोनीपत जिले में अलग-अलग क्षेत्रों से दो युवतियों के लापता
होने के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की,
लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर गुमशुदगी
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला जसराना क्षेत्र से जुड़ा है। यहां रहने वाले व्यक्ति
ने पुलिस को बताया कि उसकी 22 वर्षीय बेटी 22 दिसंबर को दोपहर बिना बताए
घर से निकल गई थी। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के
क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। युवती का रंग गेहुआं, कद लगभग
पांच फुट और शरीर पतला बताया गया है। लापता होते समय उसने गुलाबी रंग का सूती सलवार
सूट, गहरे लाल रंग की चुन्नी और गुलाबी रंग के जूते पहन रखे थे।
दूसरा मामला कुंडली क्षेत्र का है। यहां किराये के मकान में
रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय बेटी 22 दिसंबर की सुबह नाथूपुर स्थित फैक्ट्री में काम पर गई थी, लेकिन वहां से वापस नहीं लौटी। परिजनों के
अनुसार युवती का रंग भूरा, चेहरा लंबा और कद लगभग साढ़े पांच फुट है। उसने पीले रंग
की जैकेट, हरे रंग के कपड़े और काले रंग की जूती पहन रखी थी। परिजन किसी अज्ञात व्यक्ति
द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों
में आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित स्थानों पर
तलाश जारी है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना



