जींद : नव वर्ष कार्यक्रम स्थलों पर रहेगी पुलिस की नजर

जींद, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नव वर्ष पर जश्न की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों एवं धर्मशालाओं पर अलग से विशेष सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। जिला में अलग-अलग विशेष स्थान चिन्हित करके कुल 15 नाके स्थापित किए गए हैं। जिला जींद में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए यातायात प्रभारी को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी में जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नए साल के जश्न के दौरान यातायात नियमों की सख्ती से पालन किया जाए।
नशे में गाड़ी चलाने, स्टंट बाइकिंग, ओवरस्पीडिंग, जिग जैग ड्राइविंग और खतरनाक ड्राइविंग करने वालो एवं होटल रेस्टोरेंट पर अवैध रूप से पार्टी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अलग से टीमें बनाई गई हैं। गौरतलब है कि नव वर्ष के आगमन को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुडदंगबाजी करने की घटनाएं सामने आती हैं। इस पर जिला पुलिस ने नजर रखने के पुख्ता प्रबंध किए हैं।
सार्वजनिक स्थान और सड़क के किनारे शराब पीना, वाहनों के साइलेंसर से पटाखे फोड़ कर ध्वनि प्रदूषण करने वालों, हुड़दंग करने वालों पर न केवल कड़ी नजर रखी जाएगी बल्कि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी अमल मे लाई जाएगी। शरारती तत्वों से निपटने, शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों एवं मार्गों पर की जाने वाली हुडदंगबाजी और गतिविधियों को नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि नए साल का जश्र शांति से मनाएं। किसी प्रकार की हुड़दंगबाजी ना करें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा



